दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 2 मई। भगवान बुद्ध की 2570वीं जयंती के अवसर पर धम्मदीप बुद्धिष्ट सोसायटी, बचेली द्वारा स्मृतिवन स्थित धम्मदीप बुद्ध विहार में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर बच्चों एवं बच्चियों के लिए रंगोली प्रतियोगिता तथा भगवान बुद्ध के जीवन और उपदेशों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। नन्हे प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बुद्ध के विचारों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तब बना, जब उपासक लखन मेश्राम ने अपनी माताजी स्वर्गीय फुलेश्वरी मेश्राम (जिनका जन्मदिवस 1 मई को है) की स्मृति में धम्मदीप बुद्धिष्ट सोसायटी को एक साउंड सिस्टम दान स्वरूप भेंट किया। इस पुनीत कार्य के लिए उपस्थित सभी उपासक एवं उपासिकाओं ने उन्हें साधुवाद देते हुए उनकी माताजी के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
इसके पश्चात प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरण कर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।
कार्यक्रम के अंत में सोसायटी के अध्यक्ष द्वारा सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सफल समाप्ति की घोषणा की गई।


