दन्तेवाड़ा

कॉलेज भवन निर्माण रोकने कलेक्टर से मांग
27-Apr-2026 10:24 PM
कॉलेज भवन निर्माण रोकने कलेक्टर से मांग

दंतेवाड़ा, 27 अप्रैल। दंतेवाड़ा के गीदम जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत हारम -1 के ग्रामीणों ने कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने कलेक्टर से कॉलेज भवन निर्माण को बंद करने की मांग की।

कुछ ग्रामीणों के मुताबिक शासकीय निर्माण कार्य जिस भूमि पर हो रहा है, उक्त भूमि पर वह कई वर्षों से आश्रित हैं। इस भूमि पर वे कृषि और वनोपज संग्रहण कर रहे थे।

उक्त भूमि पर कुछ समय पूर्व शासकीय भवन का निर्माण कार्य शुरू किया गया। जिससे उनके जीवन यापन पर विपरीत प्रभाव पड़ा।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत द्वारा बिना ग्रामसभा की अनुमति के उनकी काबिज भूमि प्रशासन को सौंप दी गई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उक्त भूमि पर उनके देव स्थल स्थित हैं, जहां पारंपरिक पूजा-अर्चना होती है। निर्माण से उनकी आस्था और संस्कृति पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है।

इस संबंध में  विभागीय जानकारी के मुताबिक पीजी कॉलेज भवन निर्माण कार्य जारी है। उक्त कार्य शासकीय भूमि पर कराया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों को रोजगार और स्थानीय विकास को गति मिलेगी। इस विवाद के पटाक्षेप हेतु आगामी 30 अप्रैल को सीमांकन कि या जाएगा।


अन्य पोस्ट