दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 24 अप्रैल। जिला प्रशासन द्वारा जनगणना कार्य को सफल बनाने विशेष प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं, जिससे जनगणना सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
दंतेवाड़ा के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में आयोजित जनगणना के तृतीय चरण के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुक्रवार को समापन हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने प्रशिक्षण में शामिल प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करें।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जनगणना कार्यों में आवश्यक गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि एकत्रित की जाने वाली जानकारी की सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त ज्ञान का प्रभावी उपयोग करने की बात कही।
इस दौरान जिला जनगणना अधिकारी मूलचंद चोपड़ा, जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी जूलियस केरकेट्टा, तहसीलदार परमानंद बंजारे सहित अन्य संबंधित चार्ज जनगणना अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने सभी अफसरों - कर्मचारियों को जनगणना कार्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ करेंगे।


