दन्तेवाड़ा

भुगतान लंबित, पुलिया निर्माण कार्य रुका
22-Apr-2026 10:16 PM
भुगतान लंबित, पुलिया निर्माण कार्य रुका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 22 अप्रैल। बचेली नगर के पुराने मार्केट क्षेत्र में शिव मंदिर के पास बन रही पुलिया का निर्माण कार्य बुधवार को बंद हो गया। जानकारी के अनुसार, ठेकेदार द्वारा भुगतान लंबित होने का हवाला देते हुए 22 अप्रैल को लोक निर्माण विभाग को लिखित सूचना देकर कार्य रोक दिया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान पहले से ही आवागमन प्रभावित था और अब काम बंद होने से लोगों को आवाजाही में और कठिनाई हो रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिया का एक हिस्सा मई 2025 तक पूरा किया जा चुका था। दूसरे हिस्से में पाइपलाइन शिफ्टिंग और अन्य कार्यों के कारण निर्माण प्रभावित हुआ। संबंधित विभागों द्वारा कुछ कार्यों में देरी होने की बात भी सामने आई है।

ठेकेदार ने भुगतान के संबंध में विभाग को कई बार आवेदन दिए जाने की बात कही है। भुगतान लंबित रहने के कारण निर्माण कार्य रोक दिया गया है।

वर्तमान में पुलिया का एक हिस्सा उपयोग में है, जबकि दूसरा हिस्सा अधूरा है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।

लोक निर्माण विभाग के एसडीओ ने बताया कि निर्माण कार्य बंद होने की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। उच्च अधिकारियों का पक्ष संपर्क नहीं हो पाने के कारण प्राप्त नहीं हो सका है।


अन्य पोस्ट