दन्तेवाड़ा
एनएमडीसी हॉस्पिटल किरंदुल की सफलता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली/किरंदुल, 20 अप्रैल। एनएमडीसी किरंदुल के सर्वसुविधायुक्त परियोजना अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने 20 अप्रैल को एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए महिला मरीज के पेट से लगभग 4 किलोग्राम का सर्वाइकल फाइब्रोएड (ट्यूमर) निकालकर उसे नया जीवन दिया।
जानकारी अनुसार मरीज पिछले कई महीनों से पेट में असामान्य सूजन और दर्द से परेशान थी। स्थिति बिगडऩे पर उसने परियोजना अस्पताल में परामर्श लिया। जांच और स्कैन के बाद डॉक्टरों ने पाया कि उसके पेट में एक बड़ा ट्यूमर विकसित हो चुका है, जो न केवल उसके सामान्य जीवन को प्रभावित कर रहा था बल्कि अन्य अंगों के लिए भी खतरा बन सकता था।
इसके बाद अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.वी. लाल के नेतृत्व मे विशेषज्ञों की एक टीम गठित की गई। इस टीम में वरिष्ठ स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा लाल, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार, वरिष्ठ मेल नर्स रोमिया मसीह एवं ऑपरेशन थियेटर इंचार्ज निर्मला पटेल शामिल थे। टीम ने सावधानीपूर्वक ऑपरेशन करते हुए ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल लिया।
सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है और उसे स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। इसके अलावा अस्पताल में लेप्रोस्कोपी, एंडोस्कोपी, फेको सर्जरी, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, ब्लड बैंक एवं कंपोनेंट लैब जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां प्रतिदिन 600 से 700 मरीजों का ओपीडी में इलाज किया जाता है, जबकि हर महीने लगभग 1600 से अधिक मरीजों को भर्ती कर इलाज और भोजन सुविधा दी जाती है। साथ ही हर वर्ष करीब 900 सफल डिलीवरी भी कराई जाती हैं।
इससे पहले भी अस्पताल के चिकित्सकों ने कई जटिल सर्जरी कर अपनी दक्षता साबित की है। इस सफलता पर मरीज और उसके परिजनों ने डॉक्टरों की टीम का आभार व्यक्त किया। अस्पताल की इस उपलब्धि में परियोजना के अधिशासी निदेशक रविंद्र नारायण एवं उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) के.एल. नागवेणी के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


