दन्तेवाड़ा

मुख्यमंत्री - सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा में 22 को होंगे रूबरू
19-Apr-2026 9:58 PM
मुख्यमंत्री - सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा  में 22 को होंगे रूबरू

दंतेवाड़ा 19 अप्रैल। दंतेवाड़ा जिले के नागरिकों और खेल प्रेमियों हेतु 22 अप्रैल का दिन अविस्मरणीय रहेगा। इस दिन भारतीय क्रिकेट के महानतम खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा जिले में पहुंचेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ सचिन तेंदुलकर विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगें।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा की शिक्षा नगरी जावंगा पहुंचेंगे। इसके उपरांत जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय ऑडिटोरियम में दंतेवाड़ा की उभरती हुई खेल प्रतिभाओं का सम्मान समारोह आयोजित होगा। जिसमें विभिन्न खेलों के प्रतिभावान खिलाडिय़ों का दोनो हस्तियों द्वारा सम्मान किया जाएगा। यह समारोह खिलाडिय़ों के लिए बड़ा ही रोमांचक होगा।

सचिन तेंदुलकर दंतेवाड़ा के छिंदनार गांव भी पहुंचेंगे। जहां पूर्व भारतीय क्रिकेटर के सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन, मानदेशी फाउंडेशन और जिला प्रशासन द्वारा खेल परिसर का निर्माण कराया गया है।

इस दौरान सचिन तेंदुलकर नवनिर्मित खेल मैदान का लोकार्पण करेंगें। वही खेल प्रतिभाओं से संवाद भी करेंगें। उक्त खेल परिसर में विभिन्न खेलों के  ट्रैक तैयार किये गये है। जिससे खेल प्रतिभाओं को बेहतर अधोसंरचना मिल सकेगी।

जिला प्रशासन, सचिन तेंदुलकर और मानदेशी फाउंडेशन के सयुक्त प्रयासों द्वारा दंतेवाड़ा में 15 खेल परिसर पूर्ण हो चुके हैं। जिनमें विभिन्न खेलों हेतु ट्रैक बनाए गए हैं। इसी कड़ी में वर्तमान में 10 खेल परिसरों का निर्माण तेजी से जारी है। जिनके शीघ्र पूर्ण होने की संभावना है। उक्त सुविधाओं से खिलाडिय़ों को बेहतर प्रदर्शन करने में सहायता मिलेगी।


अन्य पोस्ट