दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 18 अप्रैल। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा परिवहन आरक्षक के रिक्त पदों हेतु लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन रविवार को किया जाएगा। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन के लिए कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिले में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पूर्वान्ह 11 से अपरान्ह 1.15 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी और कुल 2764 अभ्यर्थी इसमें सम्मिलित होंगे।
प्रशासन नें उडऩदस्ता दलों को सक्रिय किया है। इन दलों को परीक्षा केंद्रों के कक्षों के साथ-साथ परिसर और मुख्य द्वारों का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। परीक्षा समाप्ति के पश्चात ये दल अपनी रिपोर्ट निर्धारित प्रपत्र में जिला समन्वयक केंद्र में प्रस्तुत करेंगे। नोडल अधिकारी भरतराम ध्रुव द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों का शनिवार को निरीक्षण किया गया। उन्होंनें सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
2 घंटे पूर्व पहुंचे अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा, जबकि सुबह 10.30 बजे के बाद केंद्र के मुख्य द्वार बंद कर दिए जाएंगे। सुरक्षा के मद्देनजर प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल प्रवेश पत्र एवं फोटोयुक्त पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। साथ ही निर्धारित ड्रेस कोड के अनुसार हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े और चप्पल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा, जबकि जूते-मोजे, बेल्ट, घड़ी, चश्मा एवं किसी भी प्रकार के आभूषण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
जिले के जिन परीक्षा केंद्रों में यह परीक्षा आयोजित की जाएगी, उनमें शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय दंतेवाड़ा, शासकीय महेंद्र कर्मा कन्या महाविद्यालय दंतेवाड़ा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आवराभाटा, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा, स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय दंतेवाड़ा, शासकीय कन्या शिक्षा परिसर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करली गीदम, डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल पातररस, शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दंतेवाड़ा आदि शामिल हैं।


