दन्तेवाड़ा
विद्यार्थियों को सिखाए आग से बचाव के तरीके
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 15 अप्रैल। अग्नि सेवा सप्ताह के अवसर पर डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बचेली में एक प्रभावशाली अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को आग से बचाव, सतर्कता और आपात स्थिति में सही कदम उठाने के लिए तैयार करना था।
इस जागरूकता अभियान के तहत विशेषज्ञों द्वारा आग लगने के प्रमुख कारणों, उसके विभिन्न प्रकारों और बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी गई। छात्रों को बताया गया कि छोटी-सी लापरवाही कैसे बड़े हादसे में बदल सकती है और समय रहते सतर्क रहकर ऐसे खतरों से कैसे बचा जा सकता है।
कार्यक्रम की खास बात रहा लाइव डेमो, जिसमें आग बुझाने के सही तरीके और उपकरणों के उपयोग को व्यवहारिक रूप से दिखाया गया। इस प्रदर्शन ने छात्रों को वास्तविक परिस्थितियों में सही प्रतिक्रिया देने के लिए आत्मविश्वास प्रदान किया।
इस अवसर पर बचेली केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के निरीक्षक अरुण घोष, उपनिरीक्षक मुकेश चंद, प्रशिक्षु अभिमन्यु चौधरी उपस्थित रहे एवं अपनी बहुमूल्य जानकारी साझा की। अधिकारियों ने आज की प्रकृति और प्रकार, रोकथाम के तरीकों और विभिन्न प्रकार के आग बुझाने की प्रभावित तकनीक के बारे में विस्तार से बताया।
प्रधानाचार्य हरीश कांत पाठक ने अग्नि खतरों को रोकने में जागरूकता सतर्कता और तैयारी के महत्व पर जोर दिया, उन्होंने छात्रों और स्टाफ से सत्र के दौरान दी गई जानकारी को आत्मसात करने और दैनिक जीवन में लागू करने का आग्रह किया। इस पहल ने विद्यार्थियों में न केवल जागरूकता बढ़ाई, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित भी किया।
विद्यालय परिसर में सुरक्षा को लेकर एक सकारात्मक माहौल देखने को मिला, जहाँ सभी ने मिलकर ‘अग्नि-सुरक्षित समाज’ के निर्माण का संकल्प लिया। गौरतलब है कि 14 से 20 अप्रैल तक अग्नि सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है।


