दन्तेवाड़ा
अपोलो अस्पताल में मरीजों को फल वितरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 15 अप्रैल। भारत रत्न, संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक), बचेली द्वारा अत्यंत श्रद्धा और सेवा भाव के साथ उनका जन्मदिवस मनाया गया।
इस अवसर पर यूनियन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एनएमडीसी अपोलो सेंट्रल हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों को फल वितरण कर मानव सेवा के माध्यम से बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की। यह आयोजन समाज के प्रति संवेदनशीलता और सेवा के भाव का प्रेरणादायक उदाहरण बना।
इसके पश्चात इंटक सदन में संगठन के अध्यक्ष चन्द्र कुमार मंडावी ने बाबा साहब की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने बौद्ध वंदना के साथ बाबा साहब को नमन करते हुए उनके विचारों और आदर्शों को स्मरण किया।
यूनियन के सचिव आशीष यादव ने अपने संबोधन में बाबा साहब द्वारा श्रमिक वर्ग को दिए गए संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और समानता के संघर्ष पर प्रकाश डाला। उन्होंने बाबा साहब के अमर संदेश— ‘ शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो ’ को श्रमिक संगठन की शक्ति और प्रगति का मूल मंत्र बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के कार्यालय सचिव मन्नालाल मेश्राम द्वारा किया गया।


