दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 13 अप्रैल। त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के तहत जिले के जनपद पंचायतों के अंतर्गत कुल 14 ग्राम पंचायतों की प्रारंभिक निर्वाचक नामावली का प्रकाशन सोमवार को किया गया।
जनपद पंचायत दन्तेवाड़ा के ग्राम पंचायत कंशापुर, फूलनार एवं मेटापाल, जनपद पंचायत गीदम के चेरपाल, तुमरीगुण्डा, सियानार एवं झोडिय़ाबाड़म, जनपद पंचायत कुआकोण्डा के मदाड़ी, जबेली, अरनपुर, पालनार एवं कड़मपाल तथा जनपद पंचायत कटेकल्याण के टेटम एवं मारजूम ग्राम पंचायतों की नामावली जारी की गई है। निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के साथ ही दावा-आपत्ति प्राप्त करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। इसके लिए संबंधित ग्राम पंचायतों में प्राधिकृत कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। मतदाता अपने नाम जुड़वाने, विलोपन अथवा संशोधन हेतु 13 से 19 अप्रैल तक प्रात: 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। 20 अप्रैल दोपहर 3 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। नाम जुड़वाने के लिए यह आवश्यक है कि आवेदक का नाम भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रकाशित निर्वाचक नामावली में दर्ज हो। जिन मतदाताओं का नाम उक्त नामावली में दर्ज नहीं है या अन्य क्षेत्र में दर्ज है, वे संबंधित विधानसभा निर्वाचक नामावली में नाम शामिल कराने हेतु संबंधित पंजीकरण अथवा सहायक पंजीकरण अधिकारी के समक्ष निर्धारित प्रारूप में 24 अप्रैल तक आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।


