दन्तेवाड़ा

बचेली चैम्पिंयस लीग सीजन 2: एसएन सिकंदर ने जीता खिताब
12-Apr-2026 10:59 PM
बचेली चैम्पिंयस लीग सीजन 2: एसएन सिकंदर ने जीता खिताब

खिलाडिय़ों को पौधे देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 12 अप्रैल। बचेली के केंद्रीय विद्यालय फुटबॉल मैदान में पीई कॉसमॉस क्रिकेट क्लब एवं बचेली बॉयज द्वारा आयोजित बचेली चैंपियंस लीग सीजन-2 का भव्य फाइनल मुकाबला  शनिवार को खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में एसएन सिकंदर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नरेन्द्र सेना को 28 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए एसएन सिकंदर की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 89 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी नरेन्द्र सेना की टीम 61 रन ही बना सकी और मैच हार गई। इस मुकाबले के हीरो रहे संतोष, जिन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 2 विकेट लेने के साथ-साथ महत्वपूर्ण 19 रन भी बनाए।

फाइनल मैच के मुख्य अतिथि बचेली थाना प्रभारी प्रहलाद साहू रहे, वहीं वरिष्ठ क्रिकेटर एवं प्रतियोगिता के मेंटर डीएस यादव की विशेष उपस्थिति रही। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, भाजपा प्रदेश महामंत्री कुणाल ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि निलेश पाटले, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमलेंदु चक्रवर्ती एवं आकाश राय मौजूद रहे।

आईपीएल की तर्ज पर 7 टीमों की भागीदारी

यह प्रतियोगिता आईपीएल की तर्ज पर आयोजित की गई, जिसमें कुल 7 टीमों ने हिस्सा लिया और हर टीम के अपने-अपने ओनर भी रहे।

टीमों में एसएन सिकंदर के सलमान नवाब, नौशाद कुरैशी, नरेन्द्र सेना के नरेन्द्र चौधरी, डायमंड इलेवन के अमलेंदु चक्रवर्ती व रूपेश नारंग, बचेली कैपिटल्स के शक्ति सिंह व दीपक यादव, एएम डेंजर के आनंद प्रसाद व मनोज सिंह, बीडीएफ धुरंधर के रेशु जायसवाल व राजू ठाकुर व केजी किंग्स के गौरव शर्मा व करण सोनी रहे। सभी टीम मालिकों का विशेष धन्यवाद दिया गया, जिनके सहयोग से यह प्रतियोगिता सफल हो सकी।

यह प्रतियोगिता 2 अप्रैल से शुरू हुई थी, इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में विकास कुमार सिंह एवं उदय कुमार शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के मेंटर के रूप में डीएस यादव, सुमित सरकार, सुदीप्ता मंडल, उमेश दास, मनोज सिंह, परमेश्वर धृतलहरे, अविनाश दास एवं रोनबर्ग डेविड का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इसके अलावा विशेष रूप से ब्लॉक कंाग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र छोटू, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष अर्णब चक्रवर्ती, पत्रकार दुर्जन सिंह, नफीज़ कुरैशी, जितेन्द्र चैधरी की भी उपस्थिति रही।

ग्रीनरी का संदेश

इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात इसका ग्रीनरी अभियान रहा, जो कि विकास कुमार सिंह और उदय कुमार शर्मा की पहल थी। ‘‘बीसीएल का एक ही नारा ग्रीन बने बचेली सारा’’ के नारे के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया और लोगों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया। हर मैच के मैन ऑफ द मैच को ट्रॉफी के साथ एक पौधा भी भेंट किया गया, जो इस आयोजन की अनूठी पहचान बनी।

इस आयोजन में एनएमडीसी का विशेष योगदान रहा। मैदान एवं लाइट की उत्कृष्ट व्यवस्था एनएमडीसी द्वारा की गई। साथ ही बीटीओए, बाबा होटल, माहेश्वरी क्लॉथ एवं पूजा कंस्ट्रक्शन का भी सराहनीय सहयोग रहा।

सम्मान और पुरस्कार वितरण

फाइनल मुकाबले में आयोजकों द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतियोगिता में योगदान देने वाले व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह के रूप में शील्ड देकर सम्मानित किया गया, जिससे सभी में खुशी का माहौल रहा। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेता व उपविजेता टीम के सभी खिलाडिय़ो को मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

इसके अलावा कई व्यक्तिगत पुरस्कार भी दिए गए, जिनमे बेस्ट बैटर, बेस्ट बॉलर, बेस्ट कप्तान, एमर्जिग प्लेयर व अन्य पुरूस्कार दिया गया। इस प्रतियोगिता की एक और विशेषता यह रही कि अंडर-19 खिलाडिय़ों को भी खेलने का मौका मिला, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त हुआ। पूरे टूर्नामेंट के दौरान बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान में उपस्थित रहे और मैच का भरपूर आनंद उठाया।


अन्य पोस्ट