दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 12 अप्रैल। एनएमडीसी - डीएवी पॉलिटेक्निक कॉलेज,जावंगा में रोजगार विभाग एवं आईटीआई गीदम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रोजगार मेले में चयनित विद्यार्थियों के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये। कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों को श्रम आईएन प्राइवेट लिमिटेड में नियुक्ति हेतु अतिथियों द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक चैतराम अटामी तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पॉलिटेक्निक के प्राचार्य डॉ. मुकेश ठाकुर के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों एवं शैक्षणिक प्रगति की जानकारी दी।
आईटीआई गीदम के प्राचार्य हेमंत सोनवानी ने प्लेसमेंट ड्राइव की जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान द्वारा विद्यार्थियों को उद्योगों से जोडक़र रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
विधायक श्री अटामी ने अपने संबोधन में जिले में शिक्षा के स्तर को सुदृढ़ करने हेतु किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम ने युवाओं को स्वरोजगार के लिए संचालित विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी दी तथा उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित छात्रों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र प्राप्त कर छात्रों के चेहरे पर प्रसन्नता झलक रही थी तथा उन्होंने इस उपलब्धि के लिए अपने शिक्षकों एवं संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया।


