दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 7 अप्रैल। जिला प्रशासन द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर सख्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में भैंरमबंद, बालूद एवं बालपेट क्षेत्रों में औचक निरीक्षण के दौरान गौण खनिज साधारण रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए 7 वाहनों पर कार्रवाई की गई। खनिज जांच दल ने मौके पर पंचनामा तैयार कर संबंधित वाहनों को जब्त किया तथा सुरक्षार्थ कलेक्टर परिसर दंतेवाड़ा में रखा गया है। सभी मामलों में वाहन चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
5 एवं 6 अप्रैल को की गई कार्रवाई के दौरान संतोष ओढी (मुसकेल), भीमसेन यादव (भैरमबंद), पवन शर्मा (दंतेवाड़ा), समलू सोढ़ी (चूडीटिकरा), शिवप्रसाद भास्कर (भैरमबंद), महेश भोगामी (मंगनार) एवं पुरन भास्कर (मंगनार) के ट्रैक्टर एवं ट्रैक्टर-लोडर वाहन अवैध रेत परिवहन करते पाए गए, जिन्हें जब्त किया गया। उक्त सभी मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 (4) के तहत वाहनों को जब्त करते हुए धारा 21 (5) के अंतर्गत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन द्वारा पूर्व में भी खनिज ठेकेदारों एवं परिवहनकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिना वैध अभिवहन पास के खनिजों का परिवहन दण्डनीय अपराध है। कलेक्टर ने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर रोक लगाने हेतु खनिज अमले द्वारा निरंतर जांच एवं निगरानी की जा रही है तथा आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में निरीक्षक अश्वनी झाड़ी एवं जिला खनिज जांच दल के सदस्य प्रमुख रूप से शामिल थे।