दन्तेवाड़ा

गुड फ्राइडे पर निकला क्रूस जुलूस
04-Apr-2026 11:12 PM
गुड फ्राइडे पर निकला क्रूस जुलूस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 4 अप्रैल। गुड फ्राइडे पर बचेली स्थित सेंट जोसेफ चर्च में ईसाई समुदाय द्वारा क्रूस जुलूस निकाला गया। यह आयोजन प्रभु यीशु मसीह के बलिदान की स्मृति में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

सुबह से ही चर्च परिसर में प्रार्थना सभाओं का आयोजन शुरू हो गया था। फादर द्वारा प्रभु यीशु के अंतिम क्षणों, उनके सात वचनों और मानवता के प्रति उनके त्याग को विस्तार से बताया गया, जिससे वातावरण भावुक और आध्यात्मिक हो उठा। दोपहर के समय जुलूस चर्च से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। जुलूस में महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे शामिल रहे। श्रद्धालु हाथों में क्रूस और मोमबत्तियां लेकर प्रभु की आराधना करते हुए आगे बढ़ते नजर आए।

इस दौरान स्टेशंस ऑफ द क्रॉस की परंपरा का भी पालन किया गया, जिसमें यीशु मसीह के कष्ट और बलिदान के विभिन्न चरणों को स्मरण किया गया। जुलूस के समापन पर चर्च में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। उपस्थित लोगों ने प्रभु यीशु के प्रेम, त्याग और क्षमा के संदेश को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


अन्य पोस्ट