दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली/ किरंदुल, 4 अप्रैल। मां भगवती विद्यालय दंतेश्वरी आश्रम के वार्षिक उत्सव पर परम वंदनीय गुरु माता एवं अखंड दीप के शताब्दी वर्ष के अवसर पर भव्य वार्षिक उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन गायत्री परिवार, गायत्री ग्रामोत्थान सेवा समिति किरंदुल के तत्वावधान में संपन्न हो रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत 31 मार्च को भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यह यात्रा गायत्री सत्संग भवन, श्री राघव मंदिर से दोपहर 3 बजे निकाली गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण का संचार हुआ।
1 अप्रैल से 4 अप्रैल 2026 तक गायत्री सत्संग भवन, श्री राघव मंदिर में प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से श्री प्रज्ञा पुराण एवं श्रीमद् भागवत कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जा रहा है।
कथा के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है और पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है। कथवाचिका प्रज्ञापुत्री रुक्मणि उपाध्याय द्वारा कथावाचन किया जा रहा है।
कथा के तीसरे दिन भगवान लड्डू गोपाल के जन्मोत्सव की झांकी बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ भगवान के जन्मोत्सव का आनंद लिया, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन 5 अप्रैल को आश्रम के बच्चों का वार्षिक उत्सव एवं नौ कुंडीय महा गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस महायज्ञ में विद्यारंभ संस्कार, पुंसवन संस्कार, मुंडन संस्कार सहित विभिन्न संस्कार नि:शुल्क संपन्न कराए जाएंगे।
इसके साथ ही बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे और विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
यह पूरा आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश दे रहा है, जिससे बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे हैं।