दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 2 अप्रैल। माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आयोजित 12वीं की हिंदी परीक्षा 10 अप्रैल को आयोजित होगी। उक्त परीक्षा के सफल आयोजन हेतु अपर कलेक्टर राजेश पात्रे के अध्यक्षता में समस्त राजस्व अधिकारियों परिवहन अधिकारियों व सर्व थाना प्रभारियों की बैठक ली गई। छग माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर द्वारा 14 मार्च को कक्षा 12वीं की हिन्दी की परीक्षा संपन्न की गई थी, परन्तु उक्त परीक्षा 23 मार्च को निरस्त की गई थी। अब हिन्दी की परीक्षा 10 अप्रैल को निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में समय प्रात: 9 से 12.15 बजे तक पुन: आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आकस्मिक निरीक्षण हेतु जिला स्तर पर उडऩदस्ता दल का गठन करने के साथ-साथ राजस्व अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इस संबंध में हुई बैठक में उक्त परीक्षा तिथियों में परीक्षा केन्द्र के केन्द्राध्यक्ष द्वारा पुलिस थाना चौकी से प्रश्न पत्र निकालते समय थाना प्रभारी, के चौकी में उपस्थित रहने और केन्द्राध्यक्ष द्वारा उपरोक्त परीक्षा तिथि को नियत प्रश्न पत्र से संबंधित लिफाफे को सावधानीपूर्वक बॉक्स से बाहर निकालने, उसके निरीक्षण कर पंजी में हस्ताक्षर करने तथा केन्द्राध्यक्ष के साथ परीक्षा केन्द्र तक जाने एवं परीक्षा समाप्ति तक परीक्षा केन्द्र में उपस्थित रहने, निगरानी के लिए नियुक्त दर्शित अधिकारी, कर्मचारी को रजिस्टर में उनके नाम के सम्मुख उल्लेखित करने के संबंध में विशेष दिशा निर्देश दिए गए।