दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 2 अप्रैल। दंतेवाड़ा में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और प्रेरणादायक पहल देखने को मिली, जहाँ बच्चों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (ए.आई.) के माध्यम से अपने नवाचार और तकनीकी कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिला प्रशासन दंतेवाड़ा एवं समग्र शिक्षा, स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा नव गुरुकुल सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के तकनीकी सहयोग से एक दिवसीय जिला स्तरीय ‘एआई के साथ भविष्य की खोज - कृत्रिम बुद्धिमत्ता हैकाथॉन 2026’ का आयोजन गीदम विकासखंड अंतर्गत एजुकेशन सिटी जावंगा स्थित नव गुरुकुल प्रशिक्षण केंद्र में किया गया।
इस आयोजन में पोटा केबिन विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों के कुल 22 स्कूलों के 229 विद्यार्थियों ने 59 टीमों में भाग लिया। बच्चों ने पर्यावरण एवं सतत विकास, स्वास्थ्य एवं सुपोषण, विद्यालय एवं सामाजिक समस्याएं, दैनिक जीवन समाधान, स्मार्ट कृषि तथा मानसिक स्वास्थ्य एवं खुशहाली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ए.आई. आधारित अभिनव समाधान प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों ने पावर पॉइंट प्रस्तुति, पोस्टर एवं ए.आई. चैटबॉट के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और तकनीकी समझ का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। सीमित संसाधनों के बावजूद बच्चों की यह उपलब्धि दर्शाती है कि दंतेवाड़ा के विद्यार्थी आधुनिक तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहे हैं।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बच्चों से संवाद कर उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा अब एआई के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाएगा।
सीईओ जयंत नाहटा ने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देते हुए उन्हें तकनीकी क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला मिशन समन्वयक हरीश प्रताप गौतम, एपीसी राजेंद्र प्रसाद पांडे, विकासखंड स्रोत समन्वयक जितेंद्र सिंह चौहान, आस्था विद्या मंदिर जावंगा के प्राचार्य बीरेंद्र कुमार शर्मा, शिक्षा सलाहकार प्रणीत सिंहा एवं नव गुरुकुल संस्था के प्रशिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।