दन्तेवाड़ा

बचेली चैंपियंस लीग का क्रिकेट सीजन 2
01-Apr-2026 10:50 PM
बचेली चैंपियंस लीग का क्रिकेट सीजन 2

आज से आईपीएल की तर्ज पर भिड़ेंगी 7 टीमें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 1 अप्रैल। बचेली में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ा खेल महोत्सव शुरू होने जा रहा है। बचेली चैंपियंस लीग सीजन 2 का आयोजन 2  से 11 अप्रैल  तक किया जाएगा, जिसमें फाइनल मुकाबला 11 अप्रैल को खेला जाएगा।

यह टूर्नामेंट खास इसलिए भी है क्योंकि इसे आईपीएल की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है, जहां हर टीम के अपने ओनर (मालिक) हैं और अलग-अलग टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे। पीइ कॉसमॉस और बचेली बॉयज क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित इस लीग में कुल 7 टीमें हिस्सा ले रही हैं। बचेली कैपिटल, एम डेंजर स्क्वाड, बीडीएफ धुरंधर, नरेंद्र सेना, डायमंड 11, एसएन सिकंदर, केजी किंग्स की टीमें है। इसके अलावा एनएमडीसी बचेली परियोजना भी इस टूर्नामेंट के आयोजन में योगदान दे रही है।

इन टीमों में बचेली और आसपास के क्षेत्र के स्थानीय क्रिकेट खिलाडिय़ों को मौका दिया गया है, जिससे उनकी प्रतिभा को पहचान और आगे बढऩे का मंच मिलेगा। सभी मैच बचेली के केंद्रीय विद्यालय मैदान में खेले जाएंगे, जहां हर दिन शाम को लगातार मैच होंगे और दर्शकों के लिए शानदार माहौल तैयार किया जाएगा। टूर्नामेंट में लीग मैचों के बाद क्वालीफायर,एलिमिनेटर और फाइनल जैसे हाई-वोल्टेज मुकाबले भी होंगे, जिससे रोमांच अपने चरम पर रहेगा।

इस आयोजन की खास बात यह है कि यह सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि स्थानीय खिलाडिय़ों को पहचान दिलाने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की एक  पहल है।


अन्य पोस्ट