दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 1 अप्रैल। बचेली में ‘आमचो बस्तर’ संस्था द्वारा महिलाओं के सम्मान और उनके सामाजिक योगदान को सराहने के उद्देश्य से रविवार को नगर के अंबेडकर भवन में एक भव्य नारी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न समाजों की महिलाओं, भजन मंडलियों तथा शासकीय विभागों—महिला एवं बाल विकास, तहसील, नगरपालिका और स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा साव के करकमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मंच सजीव रंगों, पारंपरिक वेशभूषा और उत्साह से भरा नजर आया। महिलाओं ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। समारोह का उद्देश्य समाज में महिलाओं की भूमिका, उनकी मेहनत और उनके आत्मसम्मान को प्रोत्साहित करना रहा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम की भी प्रस्तुति दी गई। इस सफल आयोजन मे ज्योती नाग, माधुरी, किरण जायसवाल, अनु, जमुना नाग, भागेस्वरी, संगीता, कुमारी, फूलमती व अन्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रहीं। सभी को स्मृति चिन्ह व सम्मान पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और महिलाओं को आगे बढऩे के लिए प्रेरित करते हैं। यह समारोह महिलाओं के आत्मसम्मान, योगदान और सशक्त भूमिका को समर्पित एक प्रेरणादायक पहल के रूप में सामने आया।


