दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 31 मार्च। रामनवमी के अवसर पर सर्व हिन्दू समाज द्वारा बचेली स्थित केंद्रीय विद्यालय फुटबॉल मैदान में एक भव्य और दिव्य कार्यक्रम का रविवार को आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भगवा रंग में रंगे श्रद्धालु जय श्री राम के जयकारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर रहे थे।
कार्यक्रम का सबसे विशेष आकर्षण रही हजारों दीपों की रोशनी, जिसने मैदान को एक अलौकिक और आध्यात्मिक आभा से भर दिया। दीपों की इस ज्योति ने मानो अयोध्या की दिव्यता को बचेली में जीवंत कर दिया।
इस भव्य आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष बचेली राजू जायसवाल एवं उनकी पत्नी पूर्व पार्षद गीतांजलि जायसवाल उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के तौर पर पूजा कंस्ट्रक्शन के मनीष गुरु ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत दीप प्रज्वलन से की गई, जिसमें भगवान रामलला की तस्वीर के समक्ष श्रद्धा अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम में डीजे की मधुर धुनों पर भक्ति गीतों के साथ श्रद्धालु झूमते नजर आए। महिलाएं, पुरुष और बच्चे सभी ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। भक्ति और आनंद का ऐसा संगम देखने को मिला, जहां श्रद्धा और आधुनिक उत्सव का अनूठा मेल दिखाई दिया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी की गई।
कार्यक्रम में राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी के स्वरूप धारण किए हुए जीवंत झांकियों ने वातावरण को और अधिक धार्मिक और प्रेरणादायक बना दिया।


