दन्तेवाड़ा

ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ाएं खेल गतिविधियां - केंद्रीय मंत्री
31-Mar-2026 11:03 PM
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ाएं खेल गतिविधियां - केंद्रीय मंत्री

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 31 मार्च। केंद्रीय राज्य मंत्री (युवा मामले एवं खेल) रक्षा निखिल खडसे दंतेवाड़ा प्रवास पर मंगलवार को पहुंचीं। उन्होंने खेलों में बेहतर प्रदर्शन हेतु समाज प्रमुखों के साथ चर्चा की।

 जिला कार्यालय में सर्व समाज प्रमुखों के साथ एक महत्वपूर्ण संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।  इस अवसर पर श्रीमती खडसे ने कहा कि नई पीढ़ी को खेलों से जोडऩा सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं।

 उन्होंने प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों की पहचान, प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की शुरुआत छत्तीसगढ़ में की गई है, जिससे जनजातीय क्षेत्रों के खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय स्तर पर मंच मिल सके।

केंद्रीय मंत्री ने समाज प्रमुखों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जिले में खेल संस्कृति को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने समाज प्रमुखों से सुझाव भी आमंत्रित किए। समाज प्रमुखों ने खेल अधोसंरचना के विकास, प्रशिक्षकों की उपलब्धता और नियमित प्रतियोगिताओं के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में खेलों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने हेतु समन्वित प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की गई।

इस दौरान पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, सर्व आदिवासी समाज प्रमुख, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, सीईओ जयंत नाहटा, डायरेक्टर एसएआई ममता ओझा, पीएस -एमओएस निशा अनंत, डायरेक्टर स्पोटर्स, छत्तीसगढ़ तनुजा सलाम और एपीएस अतुल महाजन प्रमुख रूप से मौजूद थे।

ज्ञात हो कि बैठक का उद्देश्य जिले की स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना तथा उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत में जिले में संचालित विकासात्मक गतिविधियों का पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसमें स्पोर्ट्स सिटी, हॉर्स राइडिंग, थाई बॉक्सिंग, पर्यटन, डिस्ट्रिक्ट साइंस लैब, ‘लक्ष्य’ एवं ‘छू लो आसमान’ जैसी पहलें प्रमुख रूप से शामिल रहीं। इन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को खेल एवं कौशल विकास से जोडऩे के प्रयासों को रेखांकित किया गया।


अन्य पोस्ट