दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 28 मार्च। चैत्र नवरात्रि पर्व के समापन दिवस नवमी 27 मार्च को बचेली स्थित गायत्री मंदिर में आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। पूरे नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन ं हवन व कन्या भोज के साथ किया गया।
नवरात्रि के अंतिम दिन मां दुर्गा के नवम स्वरूप मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। सुबह से ही परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। मंत्रोच्चार, शंखनाद और जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर कन्या पूजन का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें छोटी-छोटी कन्याओं को माता का स्वरूप मानकर उनके चरण धोए गए, तिलक लगाया गया और उन्हें श्रद्धा पूर्वक भोजन कराया गया। कन्याओं को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया।
गायत्री परिवार के सदस्यों ने पूरे आयोजन को अत्यंत सुव्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण ढंग से संपन्न कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर धर्म, सेवा और संस्कार का संदेश दिया।
मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और समर्पण का यह अद्भुत संगम लोगों के मन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।


