दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 28 मार्च। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय दंतेवाड़ा में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एस. मंडल एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री प्रतीक सोनी की उपस्थिति में अभियान की औपचारिक शुरुआत हुई।
एचपीवी एक सामान्य लेकिन गंभीर संक्रमण है, जो आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर सहित अन्य बीमारियों का कारण बन सकता है। इस टीकाकरण कार्यक्रम का उद्देश्य 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को इस संक्रमण से सुरक्षित कर भविष्य में कैंसर जैसी घातक बीमारी की रोकथाम करना है। यह टीकाकरण कार्यदिवसों में प्रतिदिन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान सीएमएचओ ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं प्रभावी है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीका लगवाकर उनके स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करें।
जिला चिकित्सालय में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा नियमित रूप से टीकाकरण के साथ आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे जिला चिकित्सालय पहुंचकर एचपीवी टीकाकरण का लाभ उठाएं और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


