दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 27 मार्च। दंतेवाड़ा पशासन जिले के विद्यार्थियों को अत्याधुनिक तकनीक से संबद्ध कर उन्हें बेहतर करियर विकल्प उपलब्ध कराने संकल्पित है। इसी कड़ी में जिले के विभिन्न पोटाकेबिन, आवासीय विद्यालयों एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में संचालित एआई डिजिटल शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित छात्र-छात्राओं के लिए ‘करियर अन्वेषण विद एआई – हैकाथॉन’ का आयोजन किया जा रहा है। यह हैकाथॉन 29 मार्च को शिक्षा नगरी जावंगा स्थित बीपीओ कॉल सेंटर में आयोजित होगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से करियर के विभिन्न आयामों से परिचित कराना, उनकी रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता एवं नवाचार सोच को विकसित करना तथा उन्हें भविष्य की तकनीकों के अनुरूप तैयार करना है। वर्षभर संचालित एआई डिजिटल शिक्षा कार्यक्रम से जुड़े प्रतिभागियों की इसमें भागीदारी सुनिश्चित की गई है। हैकाथॉन में जिले के विभिन्न पोटाकेबिन एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों से चयनित विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रतिभागियों को विभिन्न विषय-आधारित समूहों में विभाजित कर एआई आधारित समाधान विकसित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत एआई आधारित करियर अवसरों पर उन्मुखीकरण सत्र, विभिन्न विषयों पर समूह आधारित परियोजना कार्य, समस्या समाधान एवं नवाचार आधारित चुनौतियां, विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन एवं मेंटरशिप तथा प्रतिभागियों द्वारा परियोजना प्रस्तुतीकरण आयोजित किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा, साथ ही वर्षभर इन बच्चों को प्रशिक्षित करने वाले एआई फेसिलिटेटरों को भी सम्मानित किया जाएगा।
यह विशेष अभियान कलेक्टर, दंतेवाड़ा के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है।


