दन्तेवाड़ा

पुनर्वास केंद्र के युवाओं को सभी सुविधाएं -डिप्टी सीएम विजय शर्मा
26-Mar-2026 9:28 PM
पुनर्वास केंद्र के युवाओं को सभी सुविधाएं -डिप्टी सीएम विजय शर्मा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 26 मार्च। राज्य शासन के बस्तर संभाग प्रभारी विजय शर्मा गुरुवार को दंतेवाड़ा पहुंचे। जहां उन्होंने पुनर्वास कार्यक्रम का गहन जायजा लिया।

इलेक्ट्रिकल टूल-वेलकम किट बांटे

  उप मुख्यमंत्री ने इस दौरान उन्होंने युवाओं से उनके भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली, वहीं उनकी आवश्यकताओं पर भी विचार-विमर्श किया। उन्हें कुशल कारीगर बनाने हेतु इलेक्ट्रिकल टूल किट एवं वेलकम किट प्रदान किये।

 प्रशिक्षणार्थियों ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद वे अपने गांव को लौटकर खेती करना चाहते हैं। डिप्टी सीएम ने आश्वस्त किया कि इच्छुक युवाओं को कृषि संबंधी प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।

 उपमुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि पुनर्वास नीति का उद्देश्य उन्हें मुख्यधारा से जोडक़र सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। उन्होंने युवाओं से अपने अन्य साथियों को भी पुनर्वास के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया, ताकि वे भी समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर उज्ज्वल भविष्य बना सकें।

 उन्होंने पुनर्वास केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, भोजन व्यवस्था एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की समीक्षा की। युवाओं द्वारा स्वयं भोजन बनाने की इच्छा जताने पर उन्होंने अनुमति प्रदान करते हुए कहा कि इच्छुक युवा स्वेच्छा से भोजन बना सकते हैं।

 श्री शर्मा ने निर्देश दिए कि सभी पुनर्वासित युवाओं को ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जाए। केंद्र से जाने से पूर्व उनके ड्राइविंग लाइसेंस बनाना भी सुनिश्चित किए जाएं। श्री शर्मा ने उनसे अपील की कि यदि उनके परिजन या पहचान के लोग जेल में निरुद्ध हैं तो वे उनसे मिल सकते हैं या वे पुनर्वास केंद्र में आकर साथियों से मुलाकात कर सकते हैं और यदि वे जेल से पुनर्वास करना चाहें तो भी शासन उनकी हर संभव मदद कर जेल से पुनर्वास कराने को तैयार है।

उल्लेखनीय है कि वर्तमान में केंद्र में कुल 107 युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिनमें 60 बीजापुर एवं 47 दंतेवाड़ा जिले के हैं। यहां इलेक्ट्रिकल, वेल्डिंग, प्लंबिंग, सिलाई और ड्राइविंग जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान किए जा रहे हैं। अब तक 7 युवाओं को ड्राइविंग के क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है तथा 75 युवाओं को सिलाई मशीन का वितरण किया गया है।


अन्य पोस्ट