दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 25 मार्च। पुलिस की मुस्तैदी और संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण देखने को मिला, जब मौर्या पेट्रोल पंप के पास एक तीन वर्षीय मासूम बच्चा रोते-बिलखते हुए मिला। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना तत्काल बचेली पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित अपनी अभिरक्षा में लिया। बच्चा काफी डरा-सहमा हुआ था और कुछ भी स्पष्ट बताने की स्थिति में नहीं था। इसके बावजूद पुलिस ने बिना समय गंवाए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ और पातासाजी शुरू कर दी।
जांच के दौरान बच्चे की पहचान रोशन इस्तम (पिता-धनीराम इस्तम), उम्र 3 वर्ष, निवासी दशरथ पारा के रूप में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में परिजनों का पता लगा लिया और मासूम को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
अपने लापता बच्चे को सुरक्षित पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने बचेली पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के कारण ही उनका बच्चा सुरक्षित वापस मिल सका।
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक प्रहलाद निर्मल, तथा आरक्षक अजीत पैकरा और मुन्ना लाल मौर्य का विशेष योगदान रहा।


