दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली /किरंदुल, 25 मार्च। किरंदुल में मेटल माइंस वर्कर यूनियन इंटक द्वारा श्रमिकों के बौद्धिक, शैक्षणिक एवं नेतृत्व विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह पहल श्रमिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ संगठनात्मक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने और नेतृत्व क्षमता को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रशिक्षण सत्र में यूनियन के वरिष्ठ एवं अनुभवी पदाधिकारी अरविन्द गुप्ता द्वारा संगठनात्मक व्यवस्था, सुरक्षा मानकों एवं कार्यस्थल से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं गंभीरता के साथ प्रशिक्षण में भाग लेकर इसे ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया। कार्यक्रम में इंटक के राष्ट्रीय सचिव आशीष यादव एवं यूनियन अध्यक्ष चंद्रा मंडावी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन में इस पहल को श्रमिकों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक प्रभावी प्रयास माना जा रहा है।
यूनियन द्वारा सभी विभागों के पदाधिकारियों एवं श्रमिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से जुडऩे और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम श्रमिकों को जागरूक, संगठित एवं नेतृत्व के लिए तैयार करने की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में उभर रहा है।
समिति के सचिव ए.के. सिंह व अध्यक्ष विनोद कश्यप ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम श्रमिकों के विकास एवं संगठन की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक हैं, और भविष्य में भी ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे।


