दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 24 मार्च। साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने झारखंड से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर साइबर सेल और थाना बचेली की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बचेली निवासी प्रार्थी से टास्क पूरा करने पर राशि दोगुनी करने के नाम पर 15 मार्च 2025 से 18 जून 2025 के बीच 7,91,547 रुपये की ठगी की गई थी। इस संबंध में थाना बचेली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और साइबर फॉरेंसिक के आधार पर टीम झारखंड के कोडरमा पहुंची, जहां से मुकेश कुमार सिंह (51 वर्ष) को हिरासत में लिया गया। आरोपी के पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और 10 हजार रुपये नगद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई साइबर शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


