दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 21 मार्च। दंतेवाड़ा जिले के बचेली नगर में शनिवार को मुस्लिम समाज द्वारा ईद का पर्व पूरे उत्साह, उमंग और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर के विभिन्न इलाकों में रौनक देखने को मिली। लोगों ने नए कपड़े पहनकर मस्जिदों में नमाज़ अदा की और देश की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। ‘ईद मुबारक’ की गूंज पूरे माहौल में सुनाई दी, जिससे वातावरण पूरी तरह से प्रेम और सौहार्द से भर गया। खास बात यह रही कि इस अवसर पर सभी वर्गों और समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर आपसी भाईचारे की मिसाल पेश की।
बच्चों में ईद को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। नए-नए कपड़े पहनकर बच्चे बेहद खुश नजर आए और ‘ईदी’ पाने की खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। वहीं, घरों में सेवइयां, मिठाइयां और लजीज पकवानों की खुशबू पूरे वातावरण को महका रही थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ईद का यह त्योहार सिर्फ खुशी का ही नहीं, बल्कि एकता और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है। इस दिन लोग अपने पुराने गिले-शिकवे भूलकर एक नई शुरुआत करते हैं। यह त्यौहार त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


