दन्तेवाड़ा

साइबर ठगी, बिहार से आरोपी बंदी
20-Mar-2026 10:41 PM
साइबर ठगी, बिहार से आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 20 मार्च। दंतेवाड़ा पुलिस को साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी मिली। संयुक्त पुलिस दल द्वारा बिहार के मुजफ्फरपुर से एक आरोपी को हिरासत में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा गौरव राय द्वारा साइबर ठगी के मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। विवेचना के दौरान प्रार्थी से पूछताछ कर एवं बैंक जानकारी ली गई। बचेली, किरन्दुल, गीदम एवं दंतेवाड़ा थाना के सायबर ठगी  अपराधियों को पकडऩे के लिए बचेली थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू के नेतृत्व में संयुक्त टीम बनाकर रांची, झारखण्ड व बिहार राज्य रवाना किया गया।

फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन एनालिसिस एवं साइबर फॉरेंसिक टूल्स का उपयोग कर प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपी  अजय कुमार महतो बिहार को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी से विभिन्न सामग्रियां बरामद की गई। इनमें एक मोबाइल, एक चेक बुक, 3 पैन कार्ड, एक आधार कार्ड और नगद राशि 11 हजार रुपए शामिल है।

      प्रार्थी एवं अन्य साथियो से वर्ष 2025 के  15 मार्च -18 मार्च के मध्य लिंक के माध्यम से टास्क पूरा करने पर राशि डबल करने के नाम पर मोबाईल नंबर के धारकों द्वारा कुल 7,91,547/- रूपये का धोखाधड़ी कर फ्रॉड करने की रिपोर्ट पर थाना बचेली में अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

 दंतेवाड़ा सायबर सेल ने 100 से ज्यादा अकाउंट के ट्रांजेक्शन का एनालिसिस कर साइबर फॉरेंसिक टूल्स का उपयोग कर आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को शुक्रवार के दिवस बचेली न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

जनता से अपील

जिला दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा लगातार नगरवासी व ग्रामीणो से जन सम्पर्क कर मोबाईल सायबर क्राईम संबंधी बैकिंग फ्रॉड्स, सायबर ठगी पार्ट टाईम-जॉब धोखाधड़ी, मोबाईल ओटीपी लिंक शेयर न करने इत्यादि सायबर क्राईम से बचने जानकारी दी जा रही है तथा किसी प्रकार की फ्रॉड होने पर तत्काल सायबर हेल्प लाईन नंबर - 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने तथा पुलिस को सूचित करने हिदायत दी जा रही है।


अन्य पोस्ट