दन्तेवाड़ा

उच्च स्तरीय हो पोटा केबिन- कलेक्टर
20-Mar-2026 10:41 PM
उच्च स्तरीय हो पोटा केबिन- कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 20 मार्च। जिला प्रशासन द्वारा आवासीय शैक्षणिक संस्थाओं को बेहतर बनाने विशेष प्रयास किया जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर, देवेश कुमार ध्रुव ने पीएमश्री हाई स्कूल, पोटाकेबिन, गुमड़ा का शुक्रवार को गहन जायजा लिया। उन्होंने पीएमश्री योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इसके अंतर्गत विद्यालय में सभी व्यवस्थाएं पीएमश्री स्कूल के निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएं प्राप्त हो सकें।

   इस दौरान श्री ध्रुव ने कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, कला एवं शिल्प कक्ष का अवलोकन कर उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय अफसरों से कहा कि डिजिटल लर्निंग, प्रयोगात्मक शिक्षा, पुस्तकालय सुदृढ़ीकरण तथा खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं।

छात्राओं से जानी सुविधाएं

    कलेक्टर ने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, सुविधाओं एवं समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही उन्होंने अपार आईडी निर्माण, पेयजल व्यवस्था एवं स्वास्थ्य जांच की स्थिति की भी समीक्षा की।

 कलेक्टर ने कहा कि पीएम श्री योजना के तहत स्कूलों को आदर्श शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियों को सुरक्षित, समृद्ध एवं प्रेरणादायक वातावरण के साथ सभी आवश्यक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाएगा।

 इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर और जिला जिला परियोजना समन्वयक, हरीश गौतम प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट