दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी के 50 एमटी उत्पादन पर जश्न
20-Mar-2026 10:40 PM
एनएमडीसी के 50 एमटी उत्पादन पर जश्न

इंटक किरंदुल ने की श्रमिकों के लिए सोना, वेतन वृद्धि और ई-व्हीकल की बड़ी मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली/किरंदुल, 20 मार्च। देश की अग्रणी लौह अयस्क उत्पादक कंपनी एनएमडीसी लिमिटेड ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में मार्च समाप्त होने से पहले ही 50 मिलियन टन उत्पादन का ऐतिहासिक आंकड़ा छू लिया है। इस उपलब्धि के साथ कंपनी ने देश में अपनी शीर्ष स्थिति और मजबूत कर ली है। इस मौके पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (एमएमडब्ल्यूयू-आईएनटीयूसी), किरंदुल ने सीएमडी, प्रबंधन और समस्त एनएमडीसी परिवार को बधाई दी है।

यूनियन ने इस सफलता को नेतृत्व की दूरदर्शिता और श्रमिकों की कड़ी मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि एनएमडीसी केवल एक उपक्रम नहीं, बल्कि सभी कर्मचारियों के लिए ‘मां’ के समान है, जिसकी प्रगति में हर श्रमिक का योगदान है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर यूनियन ने कर्मचारियों के हित में बड़ी मांगें भी रखीं। यूनियन ने प्रबंधन से सभी कर्मचारियों को 50 ग्राम सोना, दो अतिरिक्त वेतन वृद्धि और एक इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर देने की मांग की, ताकि उनकी मेहनत का उचित सम्मान किया जा सके।

इसके अलावा किरंदुल से रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर तक बस सेवा शुरू करने, एलओपी सब-कमेटी की बैठक शीघ्र कराने, वर्ष 2022 में नियुक्त कर्मचारियों को 75 फीसदी वेतन अग्रिम देने, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पहचान पत्र जारी करने, भत्तों में वृद्धि, आवास व्यवस्था में सुधार और अंतर-परियोजना स्थानांतरण जैसी मांगें भी प्रमुख रूप से उठाई गईं।

यूनियन के सचिव ए.के. सिंह ने कहा कि श्रमिकों के लिए बेहतर वेतन, चिकित्सा, शिक्षा और सुरक्षा सुविधाएं सुनिश्चित करना जरूरी है। वहीं अध्यक्ष विनोद कश्यप ने कहा कि मजदूर ही कंपनी की असली ताकत हैं और उनका सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

मांग पत्र सौंपने के दौरान श्रमिकों में उत्साह और एकजुटता देखने को मिली। इस अवसर पर यूनियन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

अंत में यूनियन ने कहा कि प्रबंधन के सहयोग, सीएमडी के नेतृत्व और श्रमिकों की मेहनत से ही यह उपलब्धि संभव हो पाई है, जो संगठन की ताकत और एकता को दर्शाती है।


अन्य पोस्ट