दन्तेवाड़ा
पुलिस कर रही जांच
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 20 मार्च। दंतेवाड़ा के गीदम नगर स्थित पत्रकार रौनक शिवहरे के घर में विगत् सप्ताह चोरी की सूचना मिली है। पुलिस द्वारा उक्त सूचना की पुष्टि नहीं की गई है।
ज्ञात हो कि दंतेवाड़ा के गीदम नगर में पत्रकार रौनक शिवहरे की गिरफ्तारी विगत 13 मार्च को हुई। इसके विरोध में गत दिनों संभाग के सभी जिलों—बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर में पत्रकारों ने मौन धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम संबंधित जिला कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपा था।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, गीदम, गोविंद दीवान ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि रौनक शिवहरे के परिजनों द्वारा चोरी की मौखिक सूचना दी गई है। पुलिस विभिन्न एंगलों से सूचना की जांच कर रही है।
उन्होंने बताया- चूंकि मकान में ताला लगा हुआ था। मकान के सामने वाले हिस्से से किसी के प्रवेश करने की संभावना कम है। सीसीटीवी कैमरा के फुटेज से ही अज्ञात व्यक्तिके आवागमन की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस द्वारा मकान की आरंभिक जांच की गई, जिसमें घरेलू उपयोग के सामान बिखरे पड़े हुए थे।
परिजनों द्वारा नगद राशि और किसी मूल्यवान संपत्ति के विषय में बिंदुवार लिखित सूचना नहीं दी गई है, जिससे चोरी की वारदात की पुष्टि हो सके।
उक्त घटना विगत् सप्ताह की हो सकती है। जिसकी समय अवधि 10 दिनों की है। पुलिस हर एंगल से घटना की गहन जांच में जुटी हुई है।


