दन्तेवाड़ा

एफएमडी टीकाकरण अभियान, बांझपन निवारण शिविर भी
20-Mar-2026 3:29 PM
एफएमडी टीकाकरण अभियान, बांझपन निवारण शिविर भी

पशुपालकों को दी कई जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 20 मार्च। कृत्रिम गर्भाधान केंद्र, बचेली द्वारा ग्राम पंचायत बड़े बचेली के अंतर्गत चालकी पारा में 18 मार्च गुरुवार को सघन एफएमडी टीकाकरण अभियान संचालित किया गया। इस दौरान पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर टीकाकरण किया गया, जिसमें 78 पशुओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया गया।

अभियान के पश्चात चालकी पारा में राष्ट्रीय गोकुल मिशन के अंतर्गत बांझपन निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित किसानों एवं पशुपालकों को पशुओं में बांझपन के प्रमुख कारणों, उनके उपचार, नियमित टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान की उपयोगिता तथा बेहतर पशु प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

इस दौरान पशुपालकों के साथ एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने पशुपालन से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। शिविर में कुल 3 पशुओं का बांझपन उपचार किया गया, 2 पशुओं का बधियाकरण किया गया तथा 1 पशु का शल्यचिकित्सा के माध्यम से उपचार किया गया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच सहित माँझीपारा एवं चालकी पारा के पशुपालक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के पशुपालन विकास के लिए उपयोगी बताया।


अन्य पोस्ट