दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 19 मार्च। दंतेवाड़ा मे सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत उचित मूल्य की राशन दुकानों में 21 से 25 मार्च तक राशन सामग्री का वितरण नहीं किया जाएगा। खाद्य संचालनालय द्वारा सॉफ्टवेयर अपडेट तथा नए वित्तीय वर्ष की तैयारी के कारण इस अवधि में राशन वितरण व्यवस्था अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
एक अप्रैल से नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत को ध्यान में रखते हुए राज्य के राशन स्टॉक का अपडेट किया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत सर्वर भी बंद रहेगा, जिसके कारण राशन दुकानों के माध्यम से सामग्री वितरण संभव नहीं होगा।
इस संबंध में जिला खाद्य नियंत्रक द्वारा सभी राशन दुकानदारों को निर्देशित किया गया है कि वे उपभोक्ताओं को इस संबंध में पहले से जानकारी दें। साथ ही जरूरतमंद हितग्राहियों को सलाह दी गई है कि वे 21 मार्च से पहले अपना राशन प्राप्त कर लें। विभागीय निर्देशों के अनुसार अधिकांश राशन दुकानों में इस अवधि के दौरान कार्य प्रभावित रहेगा।
कई दुकानदारों ने अपने दुकानों के बाहर सूचना चस्पा कर दी है तथा मोबाइल स्टेटस के माध्यम से भी उपभोक्ताओं को जानकारी दी जा रही है। फिलहाल इन पांच दिनों के लिए विभाग की ओर से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। 26 मार्च से राशन वितरण पूर्व की भांति नियमित रूप से प्रारंभ हो जाएगा।


