दन्तेवाड़ा

एनएमडीसी भर्ती को लेकर संयुक्त पंचायत की बैठक, प्रबंधन से जल्द चर्चा की तैयारी
17-Mar-2026 10:33 PM
एनएमडीसी भर्ती को लेकर संयुक्त पंचायत की बैठक, प्रबंधन से जल्द चर्चा की तैयारी

स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग, आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 17 मार्च। एनएमडीसी में  एल -1 एल-2  श्रेणी की भर्ती को लेकर स्थानीय स्तर पर बढ़ती चिंता के बीच बड़े बचेली स्थित मातागुड़ी परिसर में मंगलवार को संयुक्त पंचायत के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लेकर भर्ती प्रक्रिया और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने के मुद्दे पर चर्चा की।

बैठक में जनप्रतिनिधि तूलिका कर्मा, मनीष कुंजाम, सोमारु कड़ती, गोविंद कुंजाम, करण तामो और छन्नु मिडियामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने एनएमडीसी में निकली एल 1 और एल 2 श्रेणी की भर्तियों को लेकर अपने विचार रखे और स्थानीय युवाओं के हितों को लेकर चिंता व्यक्त की।

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि इससे पहले जब इन पदों के लिए वैकेंसी निकली थी, तब स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग को लेकर आंदोलन और हड़ताल भी करनी पड़ी थी। उस समय जिला प्रशासन की मध्यस्थता में यह आश्वासन दिया गया था कि वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण यानी मार्च में भर्ती प्रक्रिया के तहत फिर से वैकेंसी जारी की जाएगी।

इसी आश्वासन के मद्देनजऱ आज संयुक्त पंचायत की बैठक बुलाई गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संयुक्त पंचायत और एनएमडीसी प्रबंधन के बीच एक सप्ताह के भीतर बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में भर्ती प्रक्रिया, संभावित वैकेंसी और स्थानीय युवाओं को मिलने वाली प्राथमिकता के विषय में विस्तृत जानकारी ली जाएगी।

बैठक में यह भी तय किया गया कि प्रबंधन के साथ चर्चा के बाद 15 दिनों के भीतर इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब और ठोस निष्कर्ष सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो संयुक्त पंचायत आगे की रणनीति बनाते हुए आंदोलन सहित अन्य कदम उठाने का निर्णय ले सकती है।

बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दिलाने के लिए संयुक्त पंचायत लगातार प्रयास करती रहेगी और इस मुद्दे को लेकर जरूरत पडऩे पर व्यापक जनआंदोलन भी किया जाएगा।


अन्य पोस्ट