दन्तेवाड़ा
पालकों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, रोक लगाने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 16 मार्च। नगर पालिका वार्ड नंबर 05 स्थित शासकीय सरस्वती प्राथमिक शाला एवं आदर्श स्कूल (जिसे पीएम श्री स्कूल का दर्जा प्राप्त है) के खेल मैदान में आदिवासी विकास विभाग द्वारा लोहे के डोम शेड (गुंबदनुमा संरचना) निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय अभिभावक, शिक्षक और ग्रामीण चिंतित हो उठे हैं।
उनका कहना है कि इससे स्कूली बच्चों के खेलकूद एवं शारीरिक विकास की गतिविधियों के लिए कोई जगह नहीं बचेगी, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास गंभीर रूप से प्रभावित होगा।
स्थानीय निवासियों की ओर से 13 मार्च को कलेक्टर दंतेवाड़ा को एक लिखित प्रार्थना पत्र सौंपा गया था, जिसमें डोम निर्माण पर तत्काल रोक लगाने और इसके बजाय लंबे समय से लंबित किचन शेड तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नए भवन के निर्माण की अनुमति देने की मांग की गई है।
पत्र में उल्लेख है कि स्कूल परिसर में पहले से ही पर्याप्त जगह उपलब्ध है, जहां किचन शेड और कन्या हाई स्कूल का नया भवन बन सकता है, लेकिन डोम निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि प्रशासन बच्चों के हित को प्राथमिकता देते हुए डोम निर्माण पर रोक लगाए और लंबित शैक्षणिक सुविधाओं को शीघ्र पूरा करें।


