दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा , 16 मार्च। वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य का महत्व शारीरिक स्वास्थ्य से कम नहीं है। बस्तर क्षेत्र में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘मन की शक्ति, बस्तर की प्रगति’ पहल के अंतर्गत ‘आमचो बस्तर नि:शुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श केंद्र’ संचालित किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से समुदाय के लोगों को नि:शुल्क मानसिक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे बिना किसी झिझक के अपनी समस्याओं पर विशेषज्ञ से चर्चा कर सकें।
यह केंद्र शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा के मनोविज्ञान विभाग द्वारा संचालित किया जा रहा है। यहां डॉ. दिनेश कुमार लहरी, सहायक प्राध्यापक (मनोविज्ञान) द्वारा लोगों को विभिन्न मानसिक और भावनात्मक समस्याओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। परामर्श के माध्यम से तनाव और चिंता, दैनिक जीवन या शैक्षणिक दबाव से उत्पन्न समस्याएं, आत्मविश्वास में वृद्धि तथा भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के लिए विशेषज्ञ सलाह दी जाती है। विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं के व्यक्तित्व विकास तथा मानसिक सुदृढ़ता के लिए यह पहल उपयोगी सिद्ध हो रही है। यह सेवा पूर्णत: नि:शुल्क है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग भी आसानी से मनोवैज्ञानिक परामर्श प्राप्त कर सकें। इस पहल का उद्देश्य समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा मानसिक समस्याओं से जुड़े सामाजिक संकोच को दूर करना भी है। ‘मन की शक्ति, बस्तर की प्रगति’ के संदेश के साथ यह प्रयास इस विश्वास को मजबूत करता है कि जब व्यक्ति मानसिक रूप से स्वस्थ और सशक्त होगा, तभी वह समाज और क्षेत्र के समग्र विकास में सकारात्मक योगदान दे सकेगा।
इस संबंध में परामर्श प्राप्त करने के इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 95756-17565 पर संपर्क कर सकते हैं।


