दन्तेवाड़ा
उत्सव का बहिष्कार, काला फीता लगाकर शांतिपूर्ण विरोध का ऐलान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 15 मार्च। मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) शाखा बचेली की आयोजित आमसभा में एनएमडीसी द्वारा 50 मिलियन टन लौह अयस्क उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने पर कंपनी प्रबंधन और सभी कर्मचारियों को बधाई दी गई। यूनियन ने कहा कि यह उपलब्धि हजारों मजदूरों के अथक परिश्रम और समर्पण का परिणाम है।
आमसभा में यह भी कहा गया कि कंपनी की प्रगति में सबसे बड़ा योगदान मजदूरों का है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में काम करते हुए उत्पादन के इस ऐतिहासिक आंकड़े को संभव बनाया। इसके बावजूद कर्मचारियों का वेतन समझौता 01 जनवरी 2022 से लंबित होना चिंता और असंतोष का विषय है।
कर्मचारियों ने निर्णय लिया कि वेज रिवीजन में हो रही देरी के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा। यूनियन ने कहा कि यह विरोध पूरी तरह गांधीवादी तरीके से होगा, जिससे उत्पादन पर कोई प्रभाव न पड़े।
आमसभा में यह निर्णय लिए गए, वेज रिवीजन लागू होने तक 50 मिलियन टन उत्पादन के किसी भी उत्सव का बहिष्कार किया जाएगा। प्रबंधन द्वारा वितरित किए जाने वाले मिष्ठान या कूपन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सोमवार से सभी सदस्य काला फीता लगाकर कार्य करेंगे। आगामी 6 अप्रैल को ऑल इंडिया एनएमडीसी वर्कर्स फेडरेशन की बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी।
यूनियन ने कहा कि मजदूरों के खून-पसीने से बना यह इतिहास तभी सार्थक होगा, जब कर्मचारियों को उनका लंबित वेज रिवीजन प्राप्त होगा।


