दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 15 मार्च। दंतेवाड़ा में किसानों को भू अभिलेखों का निशुल्क प्रदाय किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा जिले में नि:शुल्क बी-1 (खसरा नकल) वितरण एवं वाचन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत किसानों को उनके भूमि अभिलेखों की प्रमाणित प्रति नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
कलेक्टर देवेश ध्रुव के निर्देशन में जिले की सभी तहसीलों में राजस्व विभाग के अधिकारी, तहसीलदार और पटवारी गांव-गांव जाकर बी-1 का वितरण कर रहे हैं। साथ ही ग्राम स्तर पर बी-1 का वाचन (पढक़र सुनाने) भी किया जा रहा है, जिससे किसानों को उनके भूमि अभिलेखों की स्पष्ट और सही जानकारी मिल सके। वाचन के दौरान यदि किसी प्रकार की त्रुटि सामने आती है तो उसे नियमानुसार सुधारने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकेगी।
इस पहल से किसानों को नामांतरण, बैंक ऋण, फसल बीमा तथा अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।
जिला प्रशासन ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित करें और अधिक से अधिक किसानों तक इसकी जानकारी पहुंचाएं।
अधिकतम संख्या में हो शामिल
कलेक्टर ने कहा कि यह अभियान किसानों को उनके भूमि अधिकारों के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे अपने गांव में आयोजित बी-1 वितरण एवं वाचन कार्यक्रम में शामिल होकर अपने भूमि अभिलेखों की जानकारी प्राप्त करें। इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


