दन्तेवाड़ा

गैस संकट की आहट: सिलेंडर के लिए लंबी लाइन
12-Mar-2026 11:22 PM
गैस संकट की आहट: सिलेंडर के लिए लंबी लाइन

बचेली, 12 मार्च। इन दिनों रसोई गैस को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती नजर आ रही है। नगर स्थित शांतिकुंज एचपी गैस एजेंसी में गुरुवार को सुबह से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गई। बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े दिखाई दिए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि देश में एलपीजी सप्लाई को लेकर चल रही खबरों और संभावित कमी की आशंका के कारण लोग पहले से ही सिलेंडर लेने के लिए पहुंच रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसलिए वे समय रहते गैस सिलेंडर की व्यवस्था करना चाहते हैं। गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर बनी परिस्थितियों के कारण देश में गैस और ईंधन की उपलब्धता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसका असर अब छोटे नगरों तक भी देखने को मिल रहा है। हालांकि स्थानीय स्तर पर अभी किसी प्रकार की आधिकारिक गैस कमी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर लोग सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंच रहे हैं।

नगर के लोगों का कहना है कि यदि गैस की सप्लाई नियमित बनी रहे तो इस तरह की अफवाहों और भीड़ की स्थिति से बचा जा सकता है।

स्थानीय प्रशासन और गैस एजेंसी से भी यह अपेक्षा की जा रही है कि वे उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी दें, ताकि लोगों में अनावश्यक चिंता न फैले।


अन्य पोस्ट