दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 11 मार्च। संयुक्त खदान मजदूर संघ एटक बचेली के तत्वावधान में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर फुटबॉल ग्राउंड मंच बचेली में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय नेत्री मंजू कवासी एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व पार्षद गीतांजलि जायसवाल रही।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें 50 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, चम्मच दौड़, म्यूजिकल चेयर, म्यूजिकल डांस तथा रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताएँ शामिल थीं। इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों और विजेता टीमों को आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य व विशिष्ट अतिथि ने महिलाओं की सामाजिक भागीदारी, अधिकार और सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान, अधिकार और समानता का प्रतीक है। उन्होंने महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान संगठन के सचिव जागेश्वर प्रसाद, अध्यक्ष रवि मिश्रा, महिला फेडरेशन हनीषा बारसा, अध्यक्ष पी भाग्यवती सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्यों व कार्यक्रम में महिला साथियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और सभी ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाया।


