दन्तेवाड़ा

जादू-टोना का आरोप, हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
11-Mar-2026 12:29 PM
 जादू-टोना का आरोप, हत्या,  दो आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 10 मार्च। दन्तेवाड़ा में पुलिस द्वारा अपराधियों पर त्वरित कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक दन्तेवाड़ा, गौरव राय के निर्देशन में निरीक्षक विजय पटेल के नेतृत्व में थाना गीदम पुलिस द्वारा हत्या के मामले  में त्वरित कार्रवाई की गई । दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया।

 प्रार्थिया सरस्वती यादव (उम्र 43 वर्ष), निवासी ग्राम हीरानार पातरपारा थाना गीदम में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह विगत रविवार को शाम लगभग 5.30 बजे वह अपने घर के आंगन में बर्तन साफ कर रही थी तथा उनके पति स्व. नेहरू यादव घर के आंगन में बैठे हुए थे।

इसी दौरान गांव के निवासी अमितराम लेकामी एवं दशमु लेकामी उनके घर पहुंचे और नेहरू यादव पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे। विवाद बढऩे पर दशमु लेकामी ने नेहरू यादव को पकडक़र जमीन पर गिरा दिया तथा अमितराम लेकामी ने अपने साथ लाए धारदार चाकू से उनके गले पर हमला कर दिया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मृत्यु हो गई। घटना के दौरान प्रार्थिया द्वारा बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के समय मृतक का पुत्र मनोज यादव भी काम से घर लौट रहा था, जिसने आरोपियों को घटनास्थल से भागते हुए देखा। प्रार्थिया के अनुसार आरोपी पूर्व में भी उसके पति पर जादू-टोना का आरोप लगाकर मानसिक रूप से प्रताडि़त करते थे।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना गीदम में अपराध - 26/2026 दर्ज कर धारा 103(1), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता  तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताडऩा निवारण अधिनियम 2005 की धारा 4, 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय दन्तेवाड़ा के समक्ष प्रस्तुत कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट