दन्तेवाड़ा

सीआईएसएफ का स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मना
11-Mar-2026 12:21 PM
सीआईएसएफ का स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 10 मार्च। केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई बीआईओएम बचेली में बल का 57वां स्थापना दिवस मंगलवार को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर एनएमडीसी के मुख्य महाप्रबंधक कोडाली श्रीधर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सीआईएसएफके वरिष्ठ कमांडेंट श्री आशीष कुमार ने उपस्थित सभी अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर बल के जवानों द्वारा परेड, डेमो तथा हथियारों का प्रदर्शन किया गया, जिसने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की स्थापना 10 मार्च 1969 को भारत सरकार द्वारा देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा के उद्देश्य से की गई थी। वर्तमान समय में सीआईएसएफ देश के हवाई अड्डों, मेट्रो सेवाओं, बंदरगाहों, बिजली संयंत्रों, सरकारी इमारतों तथा ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहा है। यह बल अपनी अनुशासन, ईमानदारी एवं देशभक्ति के लिए व्यापक रूप से जाना जाता है।

बंदरगाह सुरक्षा देश के सभी प्रमुख बंदरगाहों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ द्वारा निभाई जा रही है। भर्ती अभियान आगामी 5 वर्षों में लगभग 91,790 पदों पर भर्ती की योजना बनाई गई है।

महिला सशक्तिकरण- सीआईएसएफ के महिला बैंड ने 2025 में कोच्चि में आयोजित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर बल का गौरव बढ़ाया।

सुरक्षा का व्यापक दायरा- वर्तमान में सीआईएसएफ 70 हवाई अड्डों सहित 368 से अधिक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संस्थानों की सुरक्षा कर रहा है।

खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन- वर्ष 2025-2026 में सीआईएसएफ ने अपने सबसे बड़े भर्ती अभियान के साथ खेल गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि की तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुलिस खेलों में रिकॉर्ड पदक प्राप्त किए। इसमें 2025 विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों में ऐतिहासिक 64 पदक जीतना भी शामिल है।

प्रारंभिक दौर में सीआईएसएफ में लगभग 3000 जवान थे, किन्तु समय के साथ यह एक विशाल एवं सशक्त सुरक्षा बल के रूप में विकसित हुआ है। वर्तमान में सीआईएसएफ में 1.7 लाख से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं।


अन्य पोस्ट