दन्तेवाड़ा

रोजगार शिविर बुधवार को
09-Mar-2026 10:30 PM
रोजगार शिविर बुधवार को

दंतेवाड़ा, 09 मार्च। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गीदम में बुधवार को प्रात: 11 बजे से शाम 04 बजे तक रोजगार शिविर (प्लेसमेंट कैम्प) का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार शिविर में निजी कंपनी द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। इच्छुक आवेदक निर्धारित समय में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ ले सकते हैं। यह शिविर पूर्णत: नि:शुल्क रहेगा।

श्रम इन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विद्युत मीटर तकनीशियन के कुल 200 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं, 12वीं, स्नातक अथवा आईटीआई (एनटीसी एनसीवीटी) निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 18,000 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ भविष्य निधि (ईपीएफ), प्रोत्साहन राशि तथा चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी।

कार्य के लिए वाहन चलाने का लाइसेंस और मोटरसाइकिल अनिवार्य होगी। साथ ही ईंधन भत्ता 3500 से 5500 रुपये तक दिया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों की पदस्थापना दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और भोपालपट्टनम क्षेत्र में की जाएगी।

रोजगार शिविर में शामिल होने के लिए आवेदकों का जीवित रोजगार पंजीयन अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की मूल प्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा जीवन-वृत्त (बायोडाटा) लेकर उपस्थित होना होगा। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस रोजगार अवसर का लाभ लेने की अपील की गई है।


अन्य पोस्ट