दन्तेवाड़ा

हेलीपेड निर्माण को लेकर एसडीएम ने जनप्रतिनिधियों के साथ की चर्चा
07-Mar-2026 9:51 PM
हेलीपेड निर्माण को लेकर एसडीएम ने जनप्रतिनिधियों के साथ की चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 7 मार्च। नगर के हाई स्कूल मैदान में प्रस्तावित हेलीपेड निर्माण को लेकर शुक्रवार को अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ चर्चा की गई। बैठक में बड़े बचेली के सरपंच, वार्ड पंच सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने बच्चों के खेल मैदान, ग्रामीण परिवेश और आसपास स्थित धार्मिक स्थलों को लेकर अपनी चिंताएं प्रशासन के सामने रखीं। इस पर एसडीएम राजीव कुजूर ने सभी पक्षों की बात सुनते हुए हेलीपेड निर्माण से जुड़ी विभिन्न जानकारियां साझा की और ग्रामीणों से सहयोग की अपील की।

एसडीएम ने बताया कि यह निर्माण कार्य शासन के निर्देश पर आरईएस विभाग के माध्यम से कराया जा रहा है। रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया द्वारा कराया जा रहा है शासकीय कार्य है।  हेलीपेड के लिए स्थान का चयन केंद्र व राज्य स्तर के विशेषज्ञों द्वारा किया गया है और निर्माण कार्य लगभग 50 प्रतिशत तक पूरा भी हो चुका है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस हेलीपेड का उपयोग मुख्य रूप से एम-17 हेलीकॉप्टर के लिए किया जाएगा। आरबीआई के अधिकारियों के अनुसार दुर्गम और हाई रिस्क क्षेत्रों में निजी हेलीकॉप्टरों के माध्यम से बैंकों तक नकदी पहुंचाना कई बार कठिन और महंगा हो जाता है, इसलिए सरकारी व्यवस्था के तहत हेलीकॉप्टर की मदद से यह कार्य किया जाएगा। जानकारी देते हुए बताया कि आंकड़ों के अनुसार महीने में दो बार हेलीकाप्टर की लैंडिंग होंगी।

प्रशासन की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया कि धार्मिक आयोजन, खेलकूद या अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।

 एसडीएम ने पेशा कानून का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की।  साथ ही पंचायत की मांग के अनुसार मैदान के सौंदर्यीकरण, सडक़, सीढ़ी निर्माण और प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्य भी जल्द कराए जाएंगे। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने पूर्व एसडीएम पर जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध न कराने का आरोप भी लगाया। इस पर वर्तमान एसडीएम ने कहा कि हेलीपेड निर्माण से जुड़ी सभी जानकारी पारदर्शिता के साथ साझा की जाएगी।


अन्य पोस्ट