दन्तेवाड़ा
छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक व क्रीड़ा समिति का होली उत्सव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 6 मार्च। छत्तीसगढ़ सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति, बचेली के तत्वावधान में 2 मार्च को होलिका दहन तथा 4 मार्च को धुलेंडी के अवसर पर रंगों का पावन पर्व होली बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समिति के सदस्यों के साथ-साथ नगरवासियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
धुलेंडी के दिन आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलते हुए होली पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया। समिति के सदस्यों द्वारा पारंपरिक नगाड़ा बजाकर होली के लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और उमंग से भर गया।
कार्यक्रम में एनएमडीसी प्रबंधन की ओर से परियोजना प्रमुख श्रीधर कोडली, मुख्य महाप्रबंधक (उत्पादन) टी. शिवा कुमार, सी. आर. डेहरिया, के. पी. बंसोड (उप महाप्रबंधक, सिविल), शिव प्रसाद गुप्ता, परितोष मिश्रा (मानव संसाधन) सहित समस्त विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। इसके अलावा श्रमिक संगठनों के पदाधिकारी तथा बचेली नगर के गणमान्य नागरिकों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
समिति के महासचिव महेंद्र कुमार साहू ने कहा कि ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता की भावना और अधिक सुदृढ़ होती है तथा लोगों के बीच पारस्परिक सद्भाव बढ़ता है।
समिति के समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों के सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।


