दन्तेवाड़ा

पोटा केबिन में दें बेहतर सुविधाएं - कलेक्टर
06-Mar-2026 10:12 PM
पोटा केबिन में दें बेहतर सुविधाएं - कलेक्टर

दंतेवाड़ा, 6 मार्च। जिला प्रशासन द्वारा दंतेवाड़ा के शैक्षणिक संस्थानो को बेहतर वातावरण निर्मित कर अच्छे परिणाम लाने प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने पीएमश्री स्कूल पोटाकेबिन, गुमड़ा का निरीक्षण शुक्रवार को किया। विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था और पीएम श्री योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इसे पीएम श्री मानक अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान  कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला तथा कला एवं शिल्प कक्ष का अवलोकन कर वहां उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएमश्री योजना के अनुरूप विद्यालय में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए।

बाउंड्रीवॉल का करें उन्नयन

कलेक्टर ने स्कूल में बच्चों के अपार आईडी निर्माण, पेयजल व्यवस्था तथा बच्चों के स्वास्थ्य जांच संबंधी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली।

विद्यालय की अधीक्षिका ने बताया कि स्कूल में कक्षा पहली से आठवीं तक कुल 383 छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय की आवश्यकताओं और समस्याओं से भी कलेक्टर को अवगत कराया गया। इस पर कलेक्टर ने विद्यालय परिसर को और अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने बाउंड्री वॉल को ऊंचा करने, वर्षा जल संचयन की व्यवस्था विकसित करने, किचन शेड के निर्माण तथा शौचालयों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

श्री ध्रुव ने कहा कि विद्यालयों में बेहतर अधोसंरचना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंनें सुधार कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। पीएम श्री स्कूलों में आधुनिक एवं समग्र शिक्षा व्यवस्था के तहत कई महत्वपूर्ण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। जिनमें अटल टिंकरिंग लैब, कंप्यूटर एवं आईसीटी लैब, स्मार्ट कक्षाएं, कौशल शिक्षा, इंटरनेट सुविधा, समृद्ध पुस्तकालय, एकीकृत विज्ञान प्रयोगशाला (भौतिकी, रसायन एवं जीव विज्ञान), खेल मैदान एवं खेल सामग्री, हरित विद्यालय की विशेषताएं, स्कूल नवाचार परिषद, मिशन लाइफ के अंतर्गत युवा एवं इको क्लब, प्राचार्य एवं शिक्षकों का क्षमता विकास प्रशिक्षण, प्राथमिक कक्षाओं के लिए बाला गतिविधियां और जादुई पिटारा, शिक्षण-अधिगम सामग्री का उपयोग, विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन एवं करियर परामर्श, बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण, पर्याप्त फर्नीचर, चाइल्ड ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर के माध्यम से उपस्थिति निगरानी, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के पहचान पत्र, स्वच्छ पेयजल, हाथ धोने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, बालक-बालिका पृथक शौचालय, बैगलेस डे गतिविधियां तथा विद्यालय परिसर में पीएमश्री का लोगो शामिल हैं। जिले में कुल पांच विद्यालयों को पीएमश्री स्कूल के रूप में विकसित किया गया है। इनमें शासकीय कन्या पोटाकेबिन गुमड़ा, बालक पोटाकेबिन कुआकोंडा-2, बालक पोटा केबिन भांसी, सरस्वती प्राथमिक शाला बड़े बचेली तथा एकलव्य कन्या शिक्षा परिसर, परचेली शामिल हैं।


अन्य पोस्ट