दन्तेवाड़ा

दो दिनी महिला क्रिकेट टूर्नामेंट, सशक्तिकरण का संदेश
06-Mar-2026 4:44 PM
दो दिनी महिला क्रिकेट टूर्नामेंट, सशक्तिकरण का संदेश

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली/किरंदुल, 6 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एनएमडीसी की किरंदुल परियोजना में कार्यरत महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय महिला क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन डीएवी स्कूल ग्राउंड में किया गया। इस आयोजन ने न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित किया, बल्कि कार्यस्थल पर महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश भी दिया।

टूर्नामेंट में तीन टीमों लाजवाब लेडिस, पावरहाउस डिवास और किरंदुल क्विन्स ने लीग मैचों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लाजवाब लेडिस की कप्तान डॉ. अमृता श्रीवास्तव और मैनेजर नीतू देवांगन, पावरहाउस डिवास की कप्तान डॉ. खुशबू श्रीवास्तव और मैनेजर रोजी एन. सोरेन एवं किरंदुल क्विन्स  की कप्तान डॉ. वी. चैतन्या और मैनेजर सुश्री कुणामी हंसदा रही। 

फाइनल मैच के अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती के.एल. नागवेणी, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. मनीषा लाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, परियोजना चिकित्सालय उपस्थित रहीं। साथ ही श्री संजय पाटील, सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) और श्री प्रमोद कुमार, सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन) की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त करने के पश्चात मुख्य अतिथि ने टॉस किया और पावरहाउस डिवास को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। रोमांचक मुकाबले के बाद लाजवाब लेडिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। पावरहाउस डिवास उपविजेता रही, जबकि किरंदुल क्विन्स ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

गौरतलब है कि विजेता एवं उपविजेता टीमों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मुख्य समारोह में औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। मैच के संचालन में अंपायर  बृजेश यादव और भोला, स्कोरर दिलीप कुमार तथा कमेंटेटर कुणामी हंसदा एवं दलिप कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टूर्नामेंट के समापन पर महिला खिलाडिय़ों ने प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई। यह आयोजन कार्यस्थल पर टीम स्पिरिट, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।


अन्य पोस्ट