दन्तेवाड़ा

बुजुर्ग दादा की हत्या, डेढ़ साल बाद आरोपी बंदी
03-Mar-2026 5:39 PM
बुजुर्ग दादा की हत्या, डेढ़ साल बाद आरोपी बंदी

जमीन मुआवजा हड़पने के लिए रची थी साजिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली/दंतेवाड़ा, 3 मार्च। ग्राम आयतुपारा नेरली में हुए बहुचर्चित अंधे कत्ल मामले में बचेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगभग डेढ़ वर्ष बाद पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी राकेश तेलाम ने जमीन मुआवजे की रकम हड़पने और फर्जीवाड़े के मामले से बचने के लिए अपने ही दादा की निर्मम हत्या की थी। ज्ञात हो कि 15 जनवरी 2024 को प्रार्थी राजू तेलाम ने थाना बचेली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 जनवरी की रात लगभग 11.30 बजे गांव की बिजली अचानक बंद हो गई। उसी दौरान उसकी मां ने आवाज लगाकर बताया कि तुम्हारे बाबा को कोई मारकर भाग रहा है।

परिवार के सदस्य बाहर निकले तो पाया कि घर के लकड़ी के गेट को तार से बांधा गया था। पास ही उसके भाई के घर का गेट भी रस्सी से बंधा हुआ था। किसी तरह बंधन हटाकर जब वे अंदर पहुंचे तो बुधरू तेलाम खाट पर लहूलुहान हालत में पड़े थे। सिर पर किसी धारदार वस्तु से हमला किया गया था। तत्काल उन्हें एनएमडीसी अपोलो अस्पताल बचेली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि मृतक बुधरू तेलाम और उनके परिवार की संयुक्त जमीन को एनएमडीसी लिमिटेड द्वारा वर्ष 2023 में बैलाडीला से नगरनार तक स्लरी पाइपलाइन, ऑप्टिकल फाइबर और जल पाइपलाइन बिछाने के लिए अधिग्रहित किया गया था। मुआवजे की पहली किस्त सितंबर 2023 में जारी की गई।

आरोप है कि राकेश तेलाम ने अपने दादा बुधरू, भीमा और जोगा को मृत दर्शाकर फर्जी तरीके से मुआवजे का चेक प्राप्त किया और उसे अपने एसबीआई खाते में जमा कर लिया। जब इस फर्जीवाड़े की जानकारी परिवार को हुई तो आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की आशंका बढ़ गई। पुलिस के अनुसार, इसी डर और शेष मुआवजे की राशि हड़पने की नीयत से राकेश ने हत्या की साजिश रची।

सुनियोजित तरीके से दिया वारदात को अंजाम

14 जनवरी 2024 की रात आरोपी ने पहले दोनों बेटों के घर के गेट रस्सी और तार से बांध दिए, फिर ट्रांसफॉर्मर का स्विच निकालकर गांव की बिजली बंद कर दी। इसके बाद वह चुपके से बुधरू तेलाम के घर पहुंचा और सोते समय गुप्ती से सिर पर 2-3 वार कर उनकी हत्या कर दी।

लगातार विवेचना और साक्ष्य संकलन के बाद 2 मार्च 2026 को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार किया। हत्या में प्रयुक्त गुप्ती बरामद कर ली गई है।

मामले की सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा ळंनतंअ त्ंप को दी गई थी। उनके दिशा-निर्देश में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन एवं एसडीओपी किरंदुल कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में टीम गठित कर जांच तेज की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू सहित पुलिस टीम ने तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी राकेश तेलाम को माननीय सीजेएम न्यायालय दंतेवाड़ा में पेश कर जेल दाखिल किया गया है।


अन्य पोस्ट